रायपुर। छत्तीसगढ़ में संचालनालय कोष, लेखा एवं पेंशन द्वारा लिपिक वर्गीय कर्मचारियों के लिए लेखा प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को वित्तीय नियमों, ट्रेजरी कार्यों और लेखा प्रबंधन में दक्ष बनाना है। आगामी प्रशिक्षण सत्र जुलाई 2026 से अक्टूबर 2026 तक रायपुर और बिलासपुर में आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए 1 मई से 29 मई 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
संचालनालय के निर्देशानुसार ऐसे लिपिक वर्गीय कर्मचारी आवेदन के पात्र होंगे, जिन्होंने न्यूनतम 3 वर्ष की नियमित सेवा पूरी कर ली है। प्राचार्य शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला से मिली जानकारी के अनुसार, इच्छुक कर्मचारी अपने कार्यालय प्रमुख के माध्यम से निर्धारित प्रपत्र में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के पहले या बाद में प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।
आवेदन शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला, नगर घड़ी चौक, रायपुर में 29 मई 2026 तक कार्यालयीन समय में जमा करना अनिवार्य है। केवल निर्धारित प्रारूप में भरे गए आवेदन ही मान्य होंगे, जबकि पुराने या अपूर्ण आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। साथ ही आवेदन पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेजों का संलग्न होना भी जरूरी है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आवेदन जिस प्रशिक्षण सत्र के लिए किया जाएगा, वह उसी सत्र के लिए मान्य होगा। आवेदन का प्रारूप और संबंधित दिशा-निर्देश रायपुर संभाग के सभी जिला कोषालयों के सूचना पटल पर उपलब्ध हैं, जहां से कर्मचारी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इस प्रशिक्षण के माध्यम से कर्मचारियों को वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही बढ़ाने में मदद मिलेगी, जिससे शासकीय कार्यों की गुणवत्ता में भी सुधार आने की उम्मीद है।
