रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने मॉर्निंग वॉक कर रहीं तीन महिलाओं को कुचल दिया। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह दर्दनाक घटना सुबह करीब 5 बजे हुई और इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक महिला का नाम प्रिया साहू (30) है। टक्कर लगने के बाद वह करीब 20 फीट दूर जा गिरी और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। घायल महिलाओं के नाम रिया बंजारे और ललिता साहू हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सफेद रंग की एक तेज रफ्तार कार शहर से हाईवे की ओर जा रही थी। तेलीबांधा ब्रिज के पास कार ने पीछे से तीनों महिलाओं को एक-एक करके टक्कर मारी। टक्कर के बाद भी चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और फरार हो गया। 00महिलाएं इलाके की गली नंबर 5 में किराए पर रहती थीं और हर रोज सुबह टहलने जाया करती थीं। हादसे के बाद उनके परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी चालक और कार की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।