इक्वाडोर के चर्च में प्रार्थना सभा के दौरान हुआ हादसा, लकड़ी के क्रॉस की चोट से गई जान; श्रद्धालुओं में मची अफरा-तफरी
दिल्ली। इक्वाडोर के एक चर्च में पादरी लोगों को जिंदगी और मौत का महत्व समझा रहे थे। उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि मोबाइल पर बेवजह समय बिताने के बजाय परिवार और ईश्वर के साथ वक्त गुजारना चाहिए। तभी उनके पीछे दीवार पर लगा भारी लकड़ी का क्रॉस अचानक टूटकर उनके सिर पर गिर गया। गंभीर चोट लगने से पादरी की मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना फेसबुक लाइव के दौरान कैमरे में कैद हो गई।
हादसा 17 अक्टूबर को ग्वायाकिल शहर के आवर लेडी ऑफ परपेचुअल हेल्प चर्च में हुआ। मृतक पादरी की पहचान पैट्रिसियो अल्फ्रेडो सांचेज मोलिनारी के रूप में हुई है। वह चर्च में प्रार्थना सभा करा रहे थे और श्रद्धालुओं को जीवन की अहमियत बता रहे थे।
उपदेश के दौरान अचानक गिरा क्रॉस
पादरी ने अपने संदेश में कहा था कि एक दिन यहां मौजूद सभी लोगों की मृत्यु होगी। उन्होंने लोगों को उन चीजों पर समय खर्च करने से बचने की सलाह दी, जिनका जीवन में वास्तविक महत्व नहीं है। उनके मुताबिक, ईश्वर और परिवार के साथ बिताया गया समय ज्यादा मायने रखता है।
उपदेश के बाद पादरी प्रार्थना कर रहे थे और श्रद्धालुओं की ओर देख रहे थे। इसी दौरान पीछे दीवार पर लगा भारी लकड़ी का क्रॉस अचानक अपनी जगह से उखड़कर उनके सिर के पिछले हिस्से पर गिर गया। चोट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े और उठ नहीं सके।
बचाने दौड़े श्रद्धालु, लेकिन नहीं बची जान
घटना के बाद चर्च में मौजूद लोग घबरा गए। कुछ श्रद्धालु पादरी की मदद के लिए दौड़े, जबकि अन्य एंबुलेंस बुलाने के लिए आवाज लगाने लगे। वीडियो में लोगों को उन्हें पुकारते हुए सुना जा सकता है। हालांकि, उन्हें बचाया नहीं जा सका और उसी दिन उनकी मौत की पुष्टि हुई।
ग्वायाकिल के आर्चडायोसिस ने पादरी की मौत पर शोक जताया है। वह कॉन्ग्रिगेशन ऑफ द मोस्ट होली रिडीमर से जुड़े थे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि क्रॉस दीवार से कैसे गिरा। उसे लगाने में कोई कमी थी या दीवार के सहारे में समस्या थी, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
