रायपुर एयरपोर्ट पर 270 ग्राम कोकीन के साथ नाइजीरियन गिरफ्तार, DRI ने की 25 लाख की ड्रग्स जब्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाइजीरियन युवक को कोकीन के साथ पकड़ा है।

आरोपी के पास से करीब 270 ग्राम कोकीन बरामद की गई है, जिसकी कीमत लगभग 25 लाख रुपए बताई जा रही है। यह मामला माना थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट के जरिए रायपुर पहुंचा था। एयरपोर्ट परिसर में DRI टीम को उस पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसे रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान युवक के पास छिपाकर रखी गई कोकीन बरामद हुई।

कोकीन मिलने के बाद DRI ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया और आगे की कार्रवाई के लिए उसे DRI कार्यालय ले जाया गया। DRI अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है।

यह पता लगाया जा रहा है कि कोकीन कहां से लाई गई थी और इसे रायपुर में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

इसके साथ ही एजेंसी आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा सके।

Exit mobile version