जशपुर में एडवेंचर का नया ठिकाना: CM साय ने किया क्लाइंबिंग वॉल स्टेडियम का उद्घाटन; 27 लाख में हुआ तैयार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर में युवाओं को साहसिक खेलों (Adventure Sports) से जोड़ने के लिए एक बड़ी पहल की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज जशपुर में 27 लाख रुपए की लागत से निर्मित ‘स्पोर्ट्स क्लाइंबिंग वॉल इंडोर स्टेडियम’ का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान सीएम ने कहा कि स्पोर्ट्स क्लाइंबिंग जैसे खेल युवाओं में केवल शारीरिक मजबूती ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और अनुशासन भी पैदा करते हैं।

यूएस (USA) से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर सिखाएंगे गुर

जशपुर के इस आधुनिक इंडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार ट्रेनिंग दी जाएगी। मास्टर ट्रेनर रवि कुमार सिंह ने बताया कि वे प्रोफेशनल क्लाइंबिंग गाइड इंस्टिट्यूट (PCGI), यूएस (USA) से प्रमाणित हैं। उनके साथ तेजल भगत, रूसनाथ भगत, सचिन कुजूर और प्रतीक नायक की टीम खिलाड़ियों को तकनीकी बारीकियां सिखाएगी।

पर्वतारोहण के क्षेत्र में खुलेंगे करियर के रास्ते

जिला प्रशासन और ‘देशदेखा स्पोर्ट्स क्लाइंबिंग समूह’ के सहयोग से यहां स्थानीय युवाओं को पर्वतारोहण (Mountaineering) की बारीकियां सिखाई जाएंगी। वर्तमान में इस समूह में 15 सदस्य हैं, जिनमें 5 मास्टर ट्रेनर शामिल हैं। सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य युवाओं को नई संभावनाओं से जोड़ना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

सुरक्षा मानकों का रखा गया है खास ध्यान

स्टेडियम में क्लाइंबिंग वॉल को आधुनिक पद्धति से बनाया गया है, जहां सभी सुरक्षा मानकों (Safety Standards) का कड़ाई से पालन किया जाएगा। यह इंडोर सुविधा खिलाड़ियों को हर मौसम में अभ्यास करने और बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए खुद को तैयार करने का सुरक्षित वातावरण प्रदान करेगी।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

लोकार्पण के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Exit mobile version