आस्था के संग विकास की सौगात: मावली मेले में 2.36 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण

नारायणपुर। नारायणपुर में आयोजित ऐतिहासिक माता मावली मेले में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप और राजस्व व उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा शामिल हुए। दोनों मंत्रियों ने माता मावली की पूजा-अर्चना कर प्रदेश और जिलेवासियों की खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कश्यप ने कहा कि मेला सिर्फ आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का सशक्त माध्यम भी है।

ऐसे आयोजनों से स्थानीय व्यापार, हस्तशिल्प और लघु उत्पादों को बाजार मिलता है, जिससे ग्रामीणों की आय बढ़ती है। उन्होंने कहा कि नारायणपुर का यह मेला बस्तर की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है।

मंत्री द्वय ने मेले में लगे दुकानों और विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया तथा स्थानीय उत्पादों और पूजा सामग्री की खरीदारी भी की। इस दौरान उन्होंने लोगों से मेले में शामिल होकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने की अपील की।

कार्यक्रम में कुल 2 करोड़ 36 लाख रुपए से अधिक लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। इनमें 1.76 करोड़ रुपए के कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत 10 प्राथमिक शाला भवनों के निर्माण के लिए 1.41 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए। साथ ही ग्राम कुतुल और जाटलूर में बाजार शेड निर्माण के लिए करीब 35 लाख रुपए मंजूर किए गए।

इसके अलावा बागडोंगरी, पालकी और महिमागवाड़ी में 59.51 लाख रुपए की लागत से बने खाद्यान्न भवनों तथा नेलवाड़ और खोड़गांव में 100-100 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदामों का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Exit mobile version