30 दिन में एक दर्जन वारदातें: कटनी के बाद ट्रेन में ‘नो सिक्योरिटी जोन’, TTE स्टाफ ने उठाए सवाल

रायपुर। दुर्ग से दिल्ली के बीच चलने वाली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में कटनी से झांसी के बीच बढ़ती चोरी और चैन स्नैचिंग की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले 30 दिनों में इस रूट पर एक दर्जन से अधिक वारदातें सामने आ चुकी हैं, जिससे यात्रियों और रेलवे स्टाफ में डर का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, कटनी से झांसी के बीच ट्रेन में सुरक्षा लगभग न के बराबर रहती है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी की अनुपस्थिति को इन घटनाओं की बड़ी वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि सागर तक सुरक्षा बल मौजूद रहते हैं, लेकिन इसके बाद ट्रेन बिना सुरक्षा के आगे बढ़ती है।

स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि TTE स्टाफ ने रेलवे प्रशासन को पत्र लिखकर अपनी ड्यूटी दुर्ग से दिल्ली के बजाय केवल कटनी तक सीमित करने की मांग की है। स्टाफ का कहना है कि रातभर सतर्क रहना पड़ता है और किसी घटना के बाद जीआरपी थाने में बयान देना पड़ता है, जिससे मानसिक और शारीरिक दबाव बढ़ता है।

टीटीई ने पत्र में यह भी बताया कि लगातार बढ़ती जिम्मेदारी और असुरक्षा के कारण काम करना मुश्किल हो गया है। खासकर सागर से झांसी के बीच रात के समय चोरी और लूट की घटनाएं ज्यादा हो रही हैं।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, इस मामले पर विभागीय स्तर पर विचार किया जा रहा है। वहीं अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

यात्रियों और स्टाफ की सुरक्षा को देखते हुए इस रूट पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग तेज हो गई है, ताकि घटनाओं पर जल्द रोक लगाई जा सके।

Exit mobile version