छत्तीसगढ़ में शीतलहर का अलर्ट, रात में तापमान गिरने से बढ़ेगी ठिठुरन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज फिलहाल शुष्क बना हुआ है, लेकिन उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में शीतलहर का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि प्रदेश में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। रात के तापमान में गिरावट के चलते ठिठुरन बढ़ने की संभावना है। हालांकि 14 दिसंबर के बाद प्रदेश में शीतलहर की स्थिति में धीरे-धीरे कमी आने के संकेत भी दिए गए हैं।

राजधानी रायपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम है। सुबह के समय आद्र्रता 85 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि शाम तक यह घटकर 51 प्रतिशत रह गई। शहर में हवा की रफ्तार औसतन 2 किलोमीटर प्रति घंटा रही और किसी भी इलाके में वर्षा नहीं हुई।

प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी ठंड का असर साफ नजर आया। दुर्ग में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। माना एयरपोर्ट पर न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री, बिलासपुर में 11.8 डिग्री, पेंड्रारोड में 7.8 डिग्री और जगदलपुर में 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो क्षेत्रों में शीतलहर की स्थिति बनी रही है। आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन कुछ जिलों में एक-दो स्थानों पर शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की गई है। रायपुर के लिए 14 दिसंबर को आसमान आंशिक रूप से साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

इधर बिलासपुर समेत उत्तर छत्तीसगढ़ के इलाकों में एक बार फिर ठंड बढ़ने के आसार हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Exit mobile version