असम। असम के कोकराझार जिले के श्रीरामपुर इलाके में रविवार देर रात पिकनिक से लौट रहे वकीलों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। इस घटना में 5 लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ वकील और पुलिसकर्मी शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, जबकि राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
जानकारी के मुताबिक, गोसाईगांव बार एसोसिएशन के करीब 80 सदस्य एक बस से पिकनिक मनाकर लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे उनकी बस को श्रीरामपुर गेट पर नियमित जांच के दौरान पुलिस ने रोक लिया। इसी दौरान बस के पीछे एक एंबुलेंस फंस गई, जिसे रास्ता देने की बात को लेकर पुलिस और वकीलों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की होने लगी।
वकीलों का आरोप है कि बहस के बाद पुलिसकर्मियों ने वकील साकियात अली और इनामुल हक के साथ मारपीट की। इस दौरान इनामुल हक को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य घायलों को भी प्राथमिक उपचार दिया गया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान कुछ लोग चोटिल हुए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
घटना के विरोध में नाराज वकीलों ने नेशनल हाईवे-27 पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर जाम खुलवाया।
पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
