डेढ़ करोड़ की उधारी फंसी तो व्यापारी की अनोखी दंडवत यात्रा: रथ में देनदारों और मां काली की तस्वीरें लगाकर निकला

रायगढ़। रायगढ़ में उधारी के करीब डेढ़ करोड़ रुपये फंस जाने से परेशान एक कोसा साड़ी व्यापारी ने अनोखा विरोध प्रदर्शन शुरू किया है।

व्यापारी मनोज देवांगन देनदारों और मां काली की तस्वीरों से सजे रथ के साथ दंडवत यात्रा निकाल रहे हैं। वे अपने परिवार के साथ मंदिर-मंदिर जाकर मत्था टेकते हुए उधारी की रकम वापस मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।

मनोज देवांगन पिछले 10-12 वर्षों से कोसा साड़ियों का थोक व्यापार करते हैं। उनका कहना है कि करीब 100 व्यापारी उनसे उधार और नकद में माल लेकर कारोबार करते हैं, लेकिन रायगढ़ के कुछ व्यापारियों ने करीब 1.5 करोड़ रुपये का भुगतान रोक रखा है।

बार-बार मांगने के बावजूद वे रकम लौटाने से इनकार कर रहे हैं। व्यापारी का आरोप है कि जब उन्होंने पुलिस में शिकायत की तो एफआईआर दर्ज नहीं की गई और इसे आपसी व्यापारिक मामला बताकर टाल दिया गया।

मनोज ने बताया कि आर्थिक संकट के कारण वे मानसिक रूप से टूट चुके हैं। हाल ही में उनके पिता को हार्ट अटैक आया, लेकिन इलाज के लिए पैसे मांगने पर भी देनदारों ने मदद नहीं की। बैंक लोन और ब्याज का दबाव अलग से बना हुआ है।

व्यापारी का कहना है कि मां काली के मंदिर में प्रार्थना करने के बाद उन्हें सपने में देवी के दर्शन हुए और उन्होंने बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इसी आस्था के चलते वे ‘कर नापने’ की परंपरा के तहत दंडवत यात्रा कर रहे हैं।

बुधवार को मनोज देवांगन परिवार के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर संबंधित व्यापारियों को बुलाने और आगे कार्रवाई का आश्वासन दिया है। यह अनोखा विरोध प्रदर्शन पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Exit mobile version