मुंबई। मुंबई के कफ परेड इलाके से अवैध रूप से रह रही एक बांग्लादेशी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बिलकिस बेगम (30) उर्फ सिरमिया अख्तर के रूप में हुई है। इसके अलावा नागपाड़ा इलाके से जुलेखा जमाल शेख (38) नाम की एक अन्य महिला को भी कोलाबा पुलिस ने हिरासत में लिया है। दोनों महिलाएं बिना किसी वैध दस्तावेज के मुंबई में रह रही थीं।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, बिलकिस बेगम और जुलेखा जमाल शेख को इससे पहले अगस्त 2025 में अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उस समय दोनों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बांग्लादेश डिपोर्ट कर दिया गया था। हालांकि, डिपोर्ट होने के बावजूद दोनों महिलाओं ने दोबारा अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों महिलाएं गोजा डांगा के जंगलों के रास्ते सीमा पार कर फिर से भारत में घुसीं और बाद में मुंबई पहुंच गईं। मुंबई पहुंचने के बाद वे अलग-अलग इलाकों में छिपकर रह रही थीं। गुप्त सूचना के आधार पर कोलाबा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विदेशी नागरिक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अवैध रूप से सीमा पार कराने में उनकी मदद किसने की और मुंबई में उन्हें शरण देने वाले लोग कौन हैं। आगे की जांच जारी है।
