दिल्ली। कर्नाटक के बेंगलुरु के बाहरी इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां फोटो स्टूडियो के आर्टिफिशियल तालाब में डूबने से तीन साल के मासूम की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटना शनिवार को मदनायकनहल्ली थाना क्षेत्र के गिद्देनहल्ली स्थित एक निजी फोटो स्टूडियो में हुई।
बताया गया कि बच्चा अपनी मां के साथ अपनी एक परिचित महिला के मैटरनिटी फोटोशूट में शामिल होने गया था। फोटोशूट के दौरान मां अपनी दोस्त के साथ व्यस्त हो गई, जबकि बच्चा स्टूडियो परिसर में खेल रहा था। इसी दौरान वह पास में बने कृत्रिम पानी के तालाब के पास पहुंचा और फिसलकर उसमें गिर गया।
कुछ समय तक बच्चे पर किसी का ध्यान नहीं गया। जब मां को अचानक एहसास हुआ कि उसका बेटा नजर नहीं आ रहा है, तो उसने स्टूडियो में मौजूद लोगों की मदद से उसे ढूंढना शुरू किया। काफी तलाश के बाद बच्चा तालाब के अंदर मिला।
उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि तालाब में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और न ही वहां कोई चेतावनी संकेत लगाए गए थे।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और स्टूडियो प्रबंधन की लापरवाही की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की आशंका जताई गई है। इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने ऐसे सेटअप में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।
