कोटा में 3-मंजिला बिल्डिंग गिरी, स्टूडेंट समेत 2 की मौत; 13 घायल

कोटा। राजस्थान के कोटा में शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। तलवंडी इलाके में रात करीब 9 बजे एक तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई।

हादसे में एक कोचिंग स्टूडेंट समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। इनमें से 8 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं 5 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मृतकों में पश्चिम बंगाल निवासी 20 वर्षीय छात्र आर्यन और एक 15 साल का किशोर शामिल है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। मलबे में कई लोग दबे हुए थे। हालात ऐसे थे कि कहीं से हाथ तो कहीं से पैर बाहर दिख रहे थे और अंदर फंसे लोग चीख-चीखकर मदद मांग रहे थे। जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के दौरान SDRF टीम का एक कर्मचारी भी घायल हो गया।

जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया ने बताया कि जिस इमारत में हादसा हुआ, उसके ग्राउंड फ्लोर पर एक रेस्टोरेंट चल रहा था, जहां घटना के समय ग्राहक और करीब 12 से 15 कर्मचारी मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज धमाके जैसी आवाज आई और देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग ढह गई। घायलों ने बताया कि वे खाना खा रहे थे, तभी अचानक छत और दीवारें गिरने लगीं।

बताया जा रहा है कि पास की बिल्डिंग में चल रहे निर्माण कार्य के कारण लगातार ड्रिलिंग और हैमरिंग से कंपन हो रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है।

Exit mobile version