नकली शराब का भंडाफोड़: नकली होलोग्राम लगाकर बेची जा रही थी ब्रांडेड शराब, तस्कर गिरफ्तार

240 लीटर मिलावटी शराब, नकली होलोग्राम और पैकिंग सामग्री जब्त; कोरोना काल से चला रहा था कारोबार
रायगढ़। जिले में नकली शराब के बड़े अवैध कारोबार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। खरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धनागर में छापेमार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में नकली शराब, डुप्लीकेट होलोग्राम, पैकिंग सामग्री और शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। मामले में अंतरराज्यीय शराब तस्करी और आबकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाने के संकेत मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी शशिमोहन सिंह के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू निवासी धनागर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने भाई सुभाष पटेल और सहयोगी विनय सिंह के साथ मिलकर लंबे समय से नकली शराब का कारोबार कर रहा था।
तलाशी के दौरान आरोपी के घर परिसर में स्थित कोठे से 869 नग विभिन्न पैमानों की करीब 240 लीटर नकली शराब बरामद की गई। इसके अलावा शराब के ढक्कन, स्प्रिट के ड्रम, खाली बोतलें, नकली होलोग्राम, लेबल और पैकिंग सामग्री भी जब्त की गई। बरामद सामग्री में रॉयल स्टेज, आईबी, ब्लैक डॉग, गोल्डन गोवा, गोवा और किंगफिशर जैसे नामी ब्रांडों की पैकेजिंग शामिल है।
जांच में सामने आया कि आरोपी झारखंड, अरुणाचल प्रदेश और अन्य राज्यों से शराब लाकर उसमें स्प्रिट व अन्य पदार्थ मिलाता था। रेड लेबल चायपत्ती का उपयोग कर रंग और स्वाद तैयार किया जाता था। बाद में पुरानी बोतलों में शराब भरकर नकली लेबल और होलोग्राम लगाकर बाजार में असली शराब के रूप में बेचा जाता था।
पुलिस के अनुसार, इस कारोबार से करीब 2.16 लाख रुपए का मुनाफा होने की बात सामने आई है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। एसएसपी शशिमोहन सिंह ने कहा कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





