CMO ऑफिस में अकाउंटेंट की पिटाई: वेतन भुगतान में देरी पर इंजीनियर और साथियों ने पीटा, VIDEO वायरल

गरियाबंद। गरियाबंद जिले के देवभोग नगर पंचायत कार्यालय में वेतन भुगतान को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि सीएमओ ऑफिस में ही अकाउंटेंट की जमकर पिटाई कर दी गई।
इंजीनियर और उसके साथियों द्वारा मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, घटना 7 मई की शाम करीब 5 बजे की है। नगर पंचायत कार्यालय में इंजीनियर श्याम सुंदर पटनायक ने अकाउंटेंट संदीप चंद्राकर को वेतन भुगतान में देरी को लेकर चर्चा के लिए बुलाया था। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।
वायरल वीडियो में इंजीनियर के साथ मौजूद लोग अकाउंटेंट को थप्पड़ और घूंसे मारते दिखाई दे रहे हैं। वहीं संदीप चंद्राकर भी जवाबी कार्रवाई करते नजर आए। घटना के दौरान प्रभारी सीएमओ दुष्यंत साहू बीच-बचाव करते दिखाई दिए।
घटना के बाद संदीप चंद्राकर की शिकायत पर इंजीनियर श्याम सुंदर पटनायक और उनके तीन सहयोगियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दूसरी ओर दूसरे पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने संदीप चंद्राकर के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
इस मामले में कर्मचारी यूनियन भी सामने आ गई है। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सोनी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने देवभोग पुलिस को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
थाना प्रभारी फैजुल शाह हुदा ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश तिवारी ने घटना को नगर पंचायत की छवि खराब करने वाला बताया है।



