छत्तीसगढ़ में 43 IAS अफसरों का ट्रांसफर, 7 जिलों के कलेक्टर बदले

विश्वदीप को बीजापुर, पुष्पा साहू को कोरिया की जिम्मेदारी; कई विभागों में बड़े फेरबदल
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 43 आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की हैं। इस बदलाव के तहत कई अहम विभागों के प्रमुख बदले गए हैं, वहीं 7 जिलों में नए कलेक्टरों की तैनाती की गई है। इसे प्रशासनिक कसावट और कामकाज में तेजी लाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
जारी आदेश के मुताबिक, अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का प्रभार सौंपा गया है। वहीं मनोज कुमार पिंगुआ को वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। निहारिका बारिक को गृह एवं जेल विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है।
इसके अलावा शहला निगार को महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ समाज कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। सचिव स्तर पर भी बड़े बदलाव किए गए हैं। डॉ. रोहित यादव को वित्त विभाग, कमलप्रीत सिंह को स्कूल शिक्षा विभाग और परदेशी सिद्धार्थ कोमल को कृषि विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ऊर्जा क्षेत्र में भी बदलाव करते हुए सारांश मित्तर को CREDA का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। साथ ही उन्हें ऊर्जा विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। इन बदलावों से विभिन्न विभागों में कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने की कोशिश की गई है।
जिला स्तर पर भी कई अहम नियुक्तियां हुई हैं। कोरिया जिले में पुष्पा साहू को कलेक्टर बनाया गया है। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में संतन देवी जांगड़े, सूरजपुर में रेना जमील और बीजापुर में विश्वदीप को नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा सारंगढ़-बिलाईगढ़ में पद्मिनी भोई साहू को कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार के इस फैसले के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि नए अधिकारियों की नियुक्ति से जिलों और विभागों में कामकाज की गति बढ़ेगी और योजनाओं के क्रियान्वयन में सुधार आएगा।



