StateNewsदेश - विदेश

मंत्री का हेलिकॉप्टर कार पार्किंग में उतरा,बड़ा हादसा टला

मुंबई। महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री छगन भुजबल शनिवार को एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गए, जब उनका हेलिकॉप्टर तय हेलीपैड की बजाय कार पार्किंग में उतर गया। घटना पुणे के पुरंदर इलाके की है, जहां हेलीपैड करीब एक किलोमीटर दूर बनाया गया था।

प्रशासन के मुताबिक, पायलट ने पार्किंग में खाली जगह को ही लैंडिंग साइट समझ लिया। उस समय पार्किंग एरिया में गाड़ियां तो थीं, लेकिन लैंडिंग के लिए पर्याप्त खाली जगह दिखने के कारण भ्रम की स्थिति बनी। हेलिकॉप्टर के उतरते ही तेज हवा और धूल का गुबार उठ गया, जिससे आसपास मौजूद लोग घबरा गए।

यह घटना उस समय हुई जब भुजबल महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। हेलिकॉप्टर किराए पर लिया गया था। लैंडिंग का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि गाड़ियों के बेहद करीब हेलिकॉप्टर उतारा गया।

हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और न ही किसी तरह का बड़ा नुकसान हुआ। खुद भुजबल ने कहा कि सभी लोग सुरक्षित हैं और चिंता की कोई बात नहीं है। उनके अनुसार, हेलीपैड साफ दिखाई नहीं देने के कारण पायलट से यह गलती हुई।

घटना के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को मामले की रिपोर्ट भेजी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि यह जांच की जा रही है कि गलती तकनीकी कारणों से हुई या मानवीय चूक थी।

पुलिस के अनुसार, हेलिकॉप्टर की यह लैंडिंग जोखिम भरी थी, क्योंकि रोटर से आसपास खड़ी गाड़ियों या इमारतों को नुकसान हो सकता था। नियमों के उल्लंघन पर पायलट के खिलाफ कार्रवाई संभव है।

Related Articles

Back to top button