रायपुर में पहली बार जिला सैनिक कल्याण अधिकारियों का कॉन्क्लेव: पहले दिन 10 जिले के अधिकारी पहुंचे, पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श और समाधान के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य सैनिक बोर्ड की ओर से रायपुर में पहली बार जिला सैनिक कल्याण अधिकारियों का दो दिवसीय कॉन्क्लेव आयोजित किया गया है। यह सम्मेलन 19 और 20 फरवरी 2026 को आरएसबी कॉम्प्लेक्स में हो रहा है। पहले दिन प्रदेश के सभी दस जिलों से अधिकारी रायपुर पहुंचे और विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
कॉन्क्लेव के पहले दिन सत्र की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राज्य सैनिक बोर्ड के निदेशक ब्रिगेडियर विवेक शर्मा (सेवानिवृत्त) ने की। इस दौरान रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, रायगढ़, जशपुर, अंबिकापुर, बैकुंठपुर, जगदलपुर और कांकेर के जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने जिलों में चल रही कल्याणकारी योजनाओं, उपलब्ध सुविधाओं और सामने आ रही समस्याओं की जानकारी साझा की।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य जिला स्तर पर पूर्व सैनिकों के लिए संचालित योजनाओं की समीक्षा करना, प्रशासनिक प्रक्रियाओं में आ रही बाधाओं को दूर करना और आपसी समन्वय को मजबूत बनाना है। अधिकारियों ने पूर्व सैनिकों की पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाएं, रोजगार, पुनर्वास, कैंटीन सेवाएं और अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े अनुभवों और चुनौतियों पर चर्चा की।
आज 20 फरवरी को कॉन्क्लेव का अंतिम दिन है। इस दौरान विभिन्न संगठनों और विभागों के साथ संवाद किया जाएगा। इसमें COSA, NCC, ECHS, CSD, स्टेशन मुख्यालय और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में पूर्व सैनिकों की लंबे समय से लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर उनके व्यावहारिक समाधान निकालने की दिशा में ठोस निर्णय लिए जाने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित इस कॉन्क्लेव को पूर्व सैनिक समुदाय के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बोर्ड का मानना है कि इससे जिला स्तर पर कामकाज में पारदर्शिता आएगी, समन्वय बेहतर होगा और पूर्व सैनिकों व उनके परिवारों को समय पर सुविधाएं और न्याय मिल सकेगा।



