मुख्यमंत्री से रियल एस्टेट वेलफेयर एसोसिएशन की मुलाकात, गाइडलाइन दरों में राहत पर जताया आभार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से छत्तीसगढ़ रियल एस्टेट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को उनके निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार द्वारा भूमि की गाइडलाइन दरों के पुनर्मूल्यांकन और उसमें रियायत देने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। एसोसिएशन के सदस्यों ने इसे रियल एस्टेट सेक्टर के लिए सकारात्मक और दूरदर्शी फैसला बताया।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री साय को गजमाला पहनाकर उनका सम्मान किया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि गाइडलाइन दरों में संशोधन से जमीन की खरीदी-बिक्री और पंजीयन प्रक्रिया में तेजी आएगी। इससे रियल एस्टेट उद्योग को नई ऊर्जा मिलेगी, वहीं आम नागरिकों, मध्यम वर्ग और निवेशकों को भी सीधा लाभ पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनता के हितों की रक्षा और संतुलित आर्थिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
भूमि गाइडलाइन दरों में संशोधन करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा गया है कि आम नागरिकों, किसानों, व्यवसायियों और उद्यमियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से न केवल रियल एस्टेट सेक्टर को मजबूती मिलेगी, बल्कि आवास, निर्माण और इससे जुड़े अन्य उद्योगों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसी नीतियां बनाना है, जिससे निवेश को बढ़ावा मिले और राज्य में रोजगार के नए अवसर सृजित हों। उन्होंने विश्वास जताया कि नई गाइडलाइन दरें प्रदेश के आर्थिक विकास को गति देंगी और नगरीय विकास को भी सशक्त बनाएंगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ रियल एस्टेट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र आहूजा, दीपक रहेजा, राजीव अग्रवाल, विजय पिंजानी, अजय अग्रवाल, प्रतीक अग्रवाल, मुलकराज शर्मा, रजत चाबड़ा, विलास सुतार, विनोद छितिजा, विजय मोटवानी, सनी सेवलानी तथा गौरव खेतपाल सहित एसोसिएशन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



