ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा: सरगुजा में 5.5° न्यूनतम तापमान, पेंड्रा में विजिबिलिटी 30 मीटर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर देखा जा रहा है। सरगुजा में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है और सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।

पेंड्रा में भी सुबह घना कोहरा रहा और विजिबिलिटी घटकर केवल 30 मीटर तक रह गई। लोगों को वाहन चलाते समय लाइट जलाना पड़ रहा है। प्रदेश के छह शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया। मैनपाट में 4°, अंबिकापुर में 5.8°, पेंड्रा रोड में 7°, रायपुर में 8.3°, दुर्ग में 9° और जगदलपुर में 9.5° तापमान दर्ज किया गया। राजनांदगांव और बिलासपुर में क्रमशः 10° और 10.7° सेल्सियस तापमान रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, हालांकि इसके बाद 1-2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश में अधिकतम तापमान 30° सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 5.8° अंबिकापुर में रहा। कड़ाके की ठंड का असर बच्चों की सेहत पर भी पड़ रहा है। बीते एक महीने में अंबेडकर और निजी अस्पतालों में हाइपोथर्मिया के 400 से ज्यादा मामले सामने आए हैं।

सरगुजा, रायगढ़ और अमरकंटक के कई इलाकों में सुबह तक घना कोहरा और बर्फ की चादर दिखाई दी। सरगुजा के प्रतापपुर इलाके में धुंध के कारण विजिबिलिटी केवल 20 मीटर रह गई। पेंड्रा में मॉर्निंग वॉक पर निकले लोग भी एक्सरसाइज करते हुए ठंड से निपटते नजर आए। सुबह के समय इन क्षेत्रों में वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

Related Articles

Back to top button