छत्तीसगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का राज्यभर में गरिमामय आयोजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस का राज्यभर में भव्य आयोजन किया जाएगा। सभी जिलों में जिला मुख्यालयों पर विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन लाइव प्रसारित किया जाएगा और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का संदेश भी वाचन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय जगदलपुर में मुख्य कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। साथ ही जिलेवार कार्यक्रमों में राज्य के मंत्री और सांसद मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। जनजातीय गौरव दिवस के तहत जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवार, जनजातीय समुदाय के प्रमुख और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति, कला, व्यंजन, हस्तशिल्प और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। स्कूल, आश्रम शाला और आवासीय विद्यालयों में विशेष सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
साथ ही लाभार्थी शिविरों में आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पीएम जनधन खाता, जाति प्रमाण-पत्र, पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, स्वास्थ्य परीक्षण और सिकल सेल जांच जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिला और ग्राम स्तर पर प्रभात फेरी, जन-जागरूकता यात्राएं, सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, चित्रकला, निबंध लेखन, वाद-विवाद, वृक्षारोपण और जनजातीय नायक-नायिकाओं पर संगोष्ठियां आयोजित होंगी। राज्य सरकार इस अवसर को जनजातीय पहचान, सांस्कृतिक गौरव और समुदाय की समृद्ध परंपराओं के प्रति सम्मान प्रकट करने का प्रतीक बना रही है।





