राजस्थान-मध्यप्रदेश में बढ़ी ठंड, दिल्ली में शीतलहर और प्रदूषण का दोहरा असर

दिल्ली। देश के कई राज्यों में शीतलहर दस्तक दे चुकी है। राजस्थान और मध्य प्रदेश के 13 शहरों में सोमवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। राजस्थान के फतेहपुर में सबसे कम 6.8 डिग्री और नागौर में 6.9 डिग्री तापमान रहा। वहीं, मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के कल्याणपुर में पारा 7.2 डिग्री तक गिर गया। राजधानी भोपाल में इस सीजन की सबसे तीखी ठंड महसूस की गई, जहां तापमान 8.8 डिग्री दर्ज हुआ। यहां 37 साल बाद नवंबर में लगातार तीसरे दिन तीव्र शीतलहर चली है।
दिल्ली में भी ठंड ने जोर पकड़ लिया है। सोमवार को आया नगर में सीजन का न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5.6 डिग्री कम है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, राजधानी में आने वाले दिनों में शीतलहर जारी रहने की संभावना है। ठंड के साथ दिल्ली की हवा भी खराब हो गई है। सोमवार सुबह औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 345 दर्ज हुआ, जो दोपहर तक बढ़कर 411 तक पहुंच गया।
छत्तीसगढ़ में भी सर्दी बढ़ने लगी है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री और दुर्ग में 10.2 डिग्री दर्ज किया गया। लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में 23 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। ताबो का तापमान माइनस 5.3, केलांग का माइनस 2.5 और कुकुमसैरी का माइनस 3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वहीं, पंजाब के छह जिलों में कोल्ड वेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले 48 घंटे में तापमान 2 डिग्री तक गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव की सलाह दी है।



