वोट अधिकार यात्रा में कांग्रेस नेताओं द्वारा अशोक चक्र अपमान का विवाद, भाजपा ने दर्ज की शिकायत

रायगढ़। प्रदेश में कांग्रेस की वोट अधिकार यात्रा लगातार जन समर्थन के साथ जारी है, लेकिन इसी बीच भाजपा युवा मोर्चा ने कांग्रेस नेताओं पर अशोक चक्र के अपमान का आरोप लगाया है। भाजपा युवा मोर्चा के सदस्यों ने सिटी कोतवाली थाने में खरसिया विधायक उमेश पटेल के खिलाफ लिखित शिकायत दी है और पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा का आरोप है कि राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट के नेतृत्व में मंगलवार को रायगढ़ में आयोजित वोट अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस की खुली जीप की बोनट पर पार्टी के प्रतीक चिन्ह को कथित रूप से अशोक चक्र बताया गया। भाजपा युवा मोर्चा के सूरज शर्मा ने कहा कि इस तरह का कृत्य न केवल संविधान का अपमान है, बल्कि देशभक्ति की भावना को भी ठेस पहुंचाता है। उनका कहना था कि कांग्रेस नेताओं के पास संविधान और वोट प्रक्रिया की बात करने की बजाय केवल अपने राजनीतिक हित साधने का इरादा है।
भाजपा युवा मोर्चा ने चेतावनी दी है कि वे पूरे जिले के थानों में इस मामले की लिखित शिकायत देंगे और सोशल मीडिया पर भी विरोध दर्ज कर रहे हैं। वहीं, कांग्रेस नेताओं ने इस आरोप का खंडन किया है। युवा कांग्रेस नेता विमल यादव ने कहा कि भाजपा द्वारा लगाए गए अशोक चक्र अपमान के आरोप निराधार हैं।
उन्होंने बताया कि वोट अधिकार यात्रा के प्रतीक चिन्ह और अशोक चक्र में स्पष्ट अंतर है, जिसे डिजिटल माध्यमों से आसानी से देखा जा सकता है। यादव ने कहा कि भाजपा इस झूठे आरोप के जरिए जन समर्थन को कम आंक रही है और समय रहते अपनी शिकायत वापस ले लेनी चाहिए। उन्होंने यह भी जोड़ा कि संविधान और तिरंगे के सम्मान की बात केवल राजनीतिक आरोपों से नहीं होती, बल्कि अपने ऐतिहासिक और वर्तमान कार्यों से होती है।