छत्तीसगढ़ के 82 खिलाड़ियों को मिलेगा राज्य खेल अलंकरण, 29 अगस्त को सीएम साय करेंगे सम्मान

रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए 29 अगस्त का दिन खास रहने वाला है। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रदेश के 82 खिलाड़ियों और खेल से जुड़े लोगों को राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।

इनमें खिलाड़ी, प्रशिक्षक और निर्णायक शामिल हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय चयनित प्रतिभाओं को पुरस्कार प्रदान करेंगे। पुरस्कारों के लिए वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के प्रदर्शन को आधार बनाया गया है।

43 खिलाड़ियों और कोच का मुख्यमंत्री ट्रॉफी के लिए चयन

राज्य खेल अलंकरण के लिए जारी सूची में विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। इनमें से 43 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का चयन मुख्यमंत्री ट्रॉफी के लिए किया गया है।

समारोह में खेलों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों के साथ उन्हें तैयार करने वाले प्रशिक्षकों और प्रतियोगिताओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले निर्णायकों को भी सम्मान मिलेगा।

रायपुर में होगा सम्मान समारोह

राज्य खेल अलंकरण समारोह का आयोजन 29 अगस्त को रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

कई प्रमुख पुरस्कार दिए जाएंगे

समारोह में शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान और शहीद विनोद चौबे सम्मान से चयनित खिलाड़ियों और खेल से जुड़े लोगों को नवाजा जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री ट्रॉफी के लिए चुने गए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को भी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

सरकार की ओर से खेल प्रतिभाओं को सम्मानित करने का उद्देश्य खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने और प्रदेश में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है। राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित खिलाड़ी समारोह में शामिल होंगे।

Exit mobile version