रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को रायगढ़ जिले के खरसिया में आयोजित भव्य कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की 19वीं किस्त का भुगतान किया। इस दौरान प्रदेश की 69,15,994 महिलाओं के बैंक खातों में एक क्लिक से 1000-1000 रुपये की राशि अंतरित की गई। कुल 647.13 करोड़ रुपये का यह हस्तांतरण सीधे लाभार्थियों तक पहुँचा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के आत्मसम्मान और जीवन स्तर को ऊँचा उठाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। यह न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगी, बल्कि परिवार की आर्थिक मजबूती और सामाजिक सुरक्षा में भी सहायक होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में माताओं-बहनों के साथ खड़ी है और उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 मार्च 2024 से शुरू हुई इस योजना के अंतर्गत अब तक लगभग 69 लाख पात्र महिलाओं को हर माह सीधे बैंक खाते में राशि दी जा रही है। आज की किस्त सहित अब तक कुल 12,376.19 करोड़ रुपये हितग्राहियों को पहुँचाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उन्हें सामाजिक सुरक्षा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि यह योजना महिलाओं को नई ऊर्जा और सम्मान दे रही है। इसका लाभ पूरे परिवार और समाज को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के विकास, सुरक्षा और स्वाभिमान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योजना को और अधिक प्रभावी बनाएगी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।