रायगढ़ में सांप ने काटा 642 लोगों को, 49 की मौत

रायगढ़। मानसून के आते ही रायगढ़ जिले में सर्पदंश के मामलों में तेजी से वृद्धि हुई है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पिछले 911 दिनों में जिले में 642 लोग सर्पदंश के शिकार हुए, जिनमें से 49 की मौत हो चुकी है।

वर्तमान में रोज़ाना 3 से 4 मरीज अस्पताल में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। सांप के काटने के मामलों में पुरुषों की संख्या अधिक है। 402 पुरुष और 240 महिलाएं सर्पदंश का शिकार बनी हैं। स्नैक कैचर्स के अनुसार, रायगढ़ में 21 प्रजाति के सांप पाए जाते हैं, जिनमें कुछ अत्यंत जहरीले हैं।

मेडिकल दृष्टिकोण से स्थिति

मेडिसिन विभाग के डॉक्टर जितेन्द्र नायक ने बताया कि अधिकतर मामलों में सांप का ज़हर नहीं होता। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों में से लगभग 50% मरीजों में ज़हर का असर नहीं पाया गया। जनवरी 2023 से जून 2025 के बीच इलाज के लिए आए 642 मरीजों में 49 की मृत्यु हो चुकी है।

बारिश में बढ़ते खतरे

जून और जुलाई को सर्पदंश का उच्च समय माना जाता है। वर्ष 2023 में जून-जुलाई में 80, 2024 में 101 और 2025 के जून में 57 लोग सर्पदंश का शिकार बने। एनिमल समिति के अध्यक्ष लोकेश मालाकार और संरक्षक विनितेश तिवारी के अनुसार, बारिश का मौसम सांपों के सक्रिय होने का समय होता है। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में जहरीले और बिना ज़हर वाले सांप बड़ी संख्या में देखे जा रहे हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

Exit mobile version