दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 5 साल की एक मासूम बच्ची बोरे में बंद हालत में मिली। बच्ची का मुंह तकिया कवर से बंधा हुआ था और वह बेहद डरी-सहमी अवस्था में थी। फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। मामला उतई थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, बच्ची अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। गांव के लोग भी खोजबीन में जुट गए। काफी देर बाद दो युवकों की नजर गांव के पास स्थित एक कुएं के किनारे पड़ी बोरी पर गई, जो हल्की-हल्की हिल रही थी। शक होने पर जब बोरा खोला गया तो अंदर बच्ची मिली, जिसका मुंह तकिया कवर से कसकर बंधा हुआ था।
बच्ची को तुरंत बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन वह बेहद डरी हुई है और कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। उसका मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है, जिससे घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम (एफएसएल) को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से सबूत जुटाए। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश और चिंता का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण उतई थाने पहुंचे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी घटना का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल बच्ची का इलाज जारी है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।
