लैंडस्लाइड-बाढ़ से 5 मौतें, यूपी में 3 बच्चों की जान गई

दिल्ली। देश के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। केरल में रविवार को भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइड, मडस्लाइड और अचानक आई बाढ़ की अलग-अलग घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग लापता हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को भी राज्य के छह जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। पथनमथिट्टा, कोट्टायम, अलप्पुझा, एर्नाकुलम, इडुक्की और त्रिशूर में तेज बारिश की संभावना है।

केरल के इडुक्की, मलप्पुरम समेत कई इलाकों में रविवार को भारी बारिश हुई। वट्टावडा कोट्टाकांबूर में लैंडस्लाइड की घटना में दो भाई-बहनों की मौत की जानकारी सामने आई है। प्रशासन और राहत एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

यूपी में पुल डूबे, 3 बच्चों की मौत

उत्तर प्रदेश में भी कई इलाकों में बारिश और जलभराव का असर दिखाई दे रहा है। ललितपुर में बेतवा नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। सीतापुर में कई छोटे पुल पानी में डूब गए हैं, जबकि उन्नाव की जलमग्न बस्तियों में लोगों की आवाजाही के लिए नावों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

बाराबंकी में रविवार को बारिश के पानी से भरे गड्ढे में नहाते समय तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मौसम विभाग के अनुसार 23 सितंबर को पूर्वी और 24 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दोबारा बारिश हो सकती है।

गुजरात में सड़कों पर घुटनों तक पानी

गुजरात के भावनगर और राजकोट में रविवार को करीब आधे घंटे की तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया। भावनगर के महुवा में करीब साढ़े 4 इंच और राजकोट के गोंडल में साढ़े 3 इंच बारिश दर्ज की गई। जूनागढ़ के गिरनार जंगल में अचानक बाढ़ आने से आत्मेश्वर महादेव मंदिर के रास्ते में 40 से ज्यादा श्रद्धालु फंस गए। वन विभाग और फायर ब्रिगेड ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।

छत्तीसगढ़ में 30 जिलों में बारिश का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में भी सोमवार को रायपुर समेत 30 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बिजली गिरने का खतरा भी जताया गया है।

वहीं, राजस्थान में मानसून की विदाई के साथ बारिश कमजोर पड़ने लगी है। जैसलमेर में रविवार को तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

↑
Exit mobile version