कवर्धा में नागालैंड पासिंग गाड़ी से 5 करोड़ का गांजा पकड़ाया: ओडिशा से राजस्थान जा रही थी खेप, 900 किलो की 30 बोरियां जब्त

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नागालैंड पासिंग एक कंटेनर से करीब 5 करोड़ रुपए का गांजा जब्त किया है। यह कार्रवाई 24 फरवरी की सुबह रायपुर–जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर वाहन चेकिंग के दौरान की गई। कंटेनर में 900 किलो गांजा लोड था, जिसे ओडिशा से राजस्थान ले जाया जा रहा था।

मामला चिल्फी थाना क्षेत्र का है। पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ सीमा के पास संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान इस कंटेनर को रोका। जांच के दौरान गाड़ी में बने सीक्रेट चैंबर का पता चला, जिसमें भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने कंटेनर चालक आयाज खान को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी राजस्थान के भरतपुर का निवासी है और उससे पूछताछ जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कंटेनर में कुल 30 बोरियां रखी गई थीं। प्रत्येक बोरी में करीब 30 किलो गांजा था। इस तरह कुल 9 क्विंटल गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा जब्त किए गए कंटेनर की कीमत लगभग 50 लाख रुपए आंकी गई है।

एएसपी अमित पटेल ने बताया कि तस्करों ने कंटेनर में विशेष रूप से सीक्रेट चैंबर तैयार कर रखा था, ताकि गांजा छिपाकर आसानी से परिवहन किया जा सके। पुलिस ने चैंबर को तोड़कर गांजा बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंटेनर ओडिशा में नई गाड़ियां छोड़ने गया था और वहां से लौटते समय गांजे की खेप लोड की गई।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किसने दिया और इसे राजस्थान में किस तक पहुंचाया जाना था। पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को जिले की अब तक की सबसे बड़ी नशा तस्करी विरोधी कार्रवाई माना जा रहा है।

Exit mobile version