बिलासपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है।
कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी के वर्मा मोहल्ले में रहने वाली एक महिला गांजा तस्कर के घर से पुलिस ने 900 ग्राम गांजा और रसोई में छिपाकर रखे गए 5 लाख 26 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के साथ ही जिलेभर में एक ही दिन में 12 प्रकरण दर्ज कर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
कोटा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काजल वर्मा नामक महिला अपने घर से गांजा बेचने का अवैध धंधा कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश दी और तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से 900 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई जा रही है।
इसके बाद जब घर के किचन की तलाशी ली गई तो अलग-अलग डिब्बों में 500, 200 और 100 रुपए के नोटों के रूप में कुल 5 लाख 26 हजार रुपए नकद मिले। पुलिस ने महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस के “चेतना विरुद्ध नशा और प्रहार अभियान” के तहत की गई, जिसके जरिए जिलेभर में लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान पुलिस को महिला तस्कर की गतिविधियों की जानकारी मिली थी।
इसके अलावा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी एक साथ कार्रवाई कर गांजा और प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के मामलों में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
सरकंडा थाना क्षेत्र में 2925 नग नशीली टेबलेट, जबकि अलग-अलग स्थानों से कुल कई किलो गांजा बरामद किया गया। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन में चल रहे इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
