कोरबा जेल से 25 फीट दीवार फांदकर भागे 4 बंदी, पुलिस ने शुरू की तलाश

कोरबा। कोरबा जिला जेल से शनिवार दोपहर बड़ी चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां 4 बंदी 25 फीट ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए, जिससे जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फरार बंदी पाक्सो सहित अन्य मामलों में निरुद्ध थे। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने पूरे जिले में नाकेबंदी कर दी है और तलाश तेज कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक फरार बंदियों में घरघोड़ा (रायगढ़) निवासी चंद्रशेखर राठिया, पोड़ी-बहार निवासी दशरथ सिदार, भूलसीडीह निवासी राजकंवर और लालघाट बालको निवासी सरना भीकू शामिल हैं। चारों बंदियों पर अलग-अलग संगीन आरोपों में न्यायालय में सुनवाई जारी थी।

बताया जा रहा है कि चारों बंदियों को जेल में बीमार मवेशियों की देखरेख की जिम्मेदारी दी गई थी। इसी का फायदा उठाकर उन्होंने दिनदहाड़े जेल प्रहरियों को चकमा दिया और दीवार फांदकर फरार हो गए। जब तक जेल प्रशासन को इसकी भनक लगी, तब तक चारों कैदी जेल से काफी दूर निकल चुके थे।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। तुरंत सभी थानों और चौकियों को अलर्ट किया गया। कोरबा शहरी और उपनगरीय क्षेत्रों में संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। जेल प्रबंधन ने इस घटना की रिपोर्ट सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी फरार बंदियों को पकड़ लिया जाएगा।

Exit mobile version