रायपुर में 38 लाख की उठाईगिरी: मल्टीलेवल पार्किंग के सेकेंड फ्लोर से शातिरों ने पैसा किया पार, संदेही हिरासत में

रायपुर। राजधानी रायपुर में 38 लाख रुपये की बड़ी उठाईगिरी का मामला सामने आया है। जमीन खरीदने पहुंचे एक कारोबारी की कार से शातिर बदमाशों ने नगदी पार कर दी। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तहसील कार्यालय के सामने स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में हुई, जहां कार को सेकेंड फ्लोर पर खड़ा किया गया था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चार संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीड़ित कारोबारी का नाम जीपी बताया गया है। वह सोमवार को जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए तहसील कार्यालय आया था। रजिस्ट्री से जुड़े अन्य पक्ष के आने का इंतजार करते हुए उसने अपनी कार मल्टीलेवल पार्किंग के सेकेंड फ्लोर में खड़ी की और खुद कलेक्ट्रेट परिसर की ओर चला गया। कुछ देर बाद जब संबंधित पक्ष पहुंचा, तो वह कार से रुपये निकालने के लिए वापस लौटा। लेकिन कार का दरवाजा खोलते ही उसे झटका लगा, क्योंकि अंदर रखे 38 लाख रुपये गायब थे।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पार्किंग स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली, जिसमें कुछ संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। इसके आधार पर पुलिस ने चार संदेहियों को हिरासत में लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।

Exit mobile version