सूरजपुर में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, कमरे में कोयला जलाकर सोने से हुआ दर्दनाक हादसा

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनका चार साल का मासूम बच्चा शामिल है। यह दर्दनाक हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के कोट चन्दरपुर गांव में हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, परिवार ने ठंड से बचने के लिए अपने कमरे के अंदर पत्थर कोयला जलाया था। इसके बाद वे उसी कमरे में सो गए। बताया जा रहा है कि जिस कमरे में परिवार सो रहा था, वहां न तो खिड़की थी और न ही कोई रोशनदान, जिससे धुआं बाहर निकल सके। रात भर कमरे में कोयले से निकला जहरीला धुआं भरता रहा और दम घुटने के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान 28 वर्षीय कवल सिंह, उनकी 25 वर्षीय पत्नी कुंती और उनके 4 वर्षीय बेटे के रूप में हुई है। सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों को शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन कमरे में पहुंचे, जहां तीनों को बेसुध हालत में पाया गया। कमरे के अंदर सिगड़ी में जला हुआ कोयला भी मिला, जिससे हादसे की पुष्टि हुई।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ठंड के मौसम में बंद कमरे के भीतर कोयला, अंगीठी या सिगड़ी जलाकर न सोएं, क्योंकि इससे जानलेवा गैस बनती है और दम घुटने का खतरा बढ़ जाता है। थोड़ी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।

Exit mobile version