बिलासपुर। कार का टायर फटने से कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पिकनिक मनाकर लौट रहे ग्रुप के दो लोगों की मौत हो गई। घटना शुक्रवार देर रात सकरी थानाक्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक आसमा सिटी और पुलिस लाइन में रहने वाले पांच लोग शुक्रवार को पिकनिक मनाने कोटा के कोरी डैम गए हुए थे। पिकनिक मनाकर सभी देर रात वापस बिलासपुर लौट रहे थे। रास्ते में भरनी के पास अचानक कार का टायर फट गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। हादसे के बाद कार सवार युवक-युवतियां अंदर फंस गए। राहगीरों ने हादसे की जानकारी पुलिस के 112 पर फोन करके दी। खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने राहगीरों की मदद से तीन घायलों को बाहर निकाला। वहीं एक युवक और लड़की कार के अंदर फंसे हुए जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। लेकिन, तब तक उनकी मौत हो गई थी।
मृतकों की पहचान पुलिस लाइन निवासी 24 वर्षीय आरजू जायसवाल और बैकुंठपुर निवासी 16 वर्षीय श्रेया सिंह के रूप में की गई है। श्रेया यहां आसमा सिटी कॉलोनी में रहती थी।हादसे में घायलों को पहले CIIMS लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की पहचान नहीं हो पाई है। सकरी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।