बीजापुर। जिले के ईलमिड़ी थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया। ईलमिड़ी–मुजालकांकेर मार्ग पर चलाए जा रहे सर्चिंग और डिमाइनिंग अभियान के दौरान सड़क के बीच में लगाए गए दो शक्तिशाली आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया गया। इस पूरी कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, 19 फरवरी को ईलमिड़ी थाना पुलिस, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (छसबल) की 9/D कंपनी और बीजापुर जिले के बम निरोधक दस्ते की संयुक्त टीम इलाके में नियमित सर्चिंग अभियान पर थी। इसी दौरान जवानों को सड़क पर संदिग्ध गतिविधि नजर आई। सतर्कता बरतते हुए जब जांच की गई तो वहां 10-10 किलो वजन के दो आईईडी श्रृंखला में लगाए गए मिले। आशंका जताई जा रही है कि नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने और वाहनों को उड़ाने के इरादे से यह विस्फोटक लगाए थे।
सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षित घेरा बनाकर खाली कराया और अत्यंत सावधानी के साथ दोनों आईईडी को निष्क्रिय किया। इसके बाद उन्हें नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई। अगर समय रहते ये आईईडी नहीं मिलते, तो किसी भी वाहन या गश्ती दल को भारी नुकसान हो सकता था। इस घटना के बाद इलाके में सर्चिंग अभियान और तेज कर दिया गया है, ताकि नक्सलियों द्वारा लगाए गए अन्य संभावित विस्फोटकों का भी पता लगाया जा सके।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की तुरंत सूचना सुरक्षा बलों को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखी जा सके।
