रायगढ़। रायगढ़ जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां 14 साल छोटे बॉयफ्रेंड ने अपनी लिव-इन पार्टनर की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना कोतरा रोड थाना क्षेत्र की है। मृतका धनेश्वरी विश्वकर्मा (40) अपने पति से अलग होकर पिछले 4 वर्षों से प्रेमी विकेश बरैठ (26) के साथ रह रही थी।
जानकारी के मुताबिक, 1 अप्रैल को धनेश्वरी की तबीयत खराब थी और वह समय पर दवाई नहीं ले रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आकर विकेश ने पहले धनेश्वरी को थप्पड़ मारा और फिर उसके मंगलसूत्र से गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी उसे जिंदल अस्पताल लेकर पहुंचा और डॉक्टरों को बताया कि महिला बेहोश हो गई है। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को सूचना मिलने पर मामला दर्ज कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। 7 अप्रैल को आई रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की मौत गला दबने से दम घुटने के कारण हुई है।
जांच के दौरान पुलिस ने जब विकेश से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि धनेश्वरी की बीमारी, समय पर दवाई न लेना और तलाक का मामला लंबित होने के कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
घटना के दिन भी झगड़ा बढ़ गया था। धनेश्वरी के घर छोड़ने की बात कहने पर विकेश ने पीछे से उसका मंगलसूत्र खींचा, जिससे वह गिरकर बेहोश हो गई और उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि आपसी विवाद में हिंसा करना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
