महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 132.5 किलो गांजा जब्त किया। अनुमानित कीमत 66.25 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस कार्रवाई में एक महिला सहित कुल 11 तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 5 मध्य प्रदेश, 4 महाराष्ट्र और 2 ओडिशा के निवासी हैं। तस्करी में इस्तेमाल की गई 6 कारें भी जब्त की गई हैं, जिनकी कीमत लगभग 55 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत बताया कि सिंघोड़ा, कोमाखान और बागबाहरा थाना क्षेत्रों में यह कार्रवाई हुई। पुलिस ने 6 घंटे के भीतर थोक विक्रेता और खरीदार समेत पूरे नेटवर्क को पकड़ लिया। रायपुर, राजनांदगांव और भंडारा जिले की पुलिस ने भी इस ऑपरेशन में सहयोग किया।
साइबर थाना की डेटा एनालिटिक्स टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में सोनपुर, ओडिशा की ओर से आ रही दो कारों – स्विफ्ट डिजायर और टाटा इंडिका – से कुल 52.5 किलो गांजा बरामद किया गया।
वाहन में बैठे आरोपियों में जबलपुर निवासी अमित राय और राजकुमार केंवट शामिल थे। तलाशी में 4 मोबाइल और 10 हजार रुपये नकद भी मिले।
कोमाखान पुलिस को सूचना मिलने पर बोलेरो वाहन से 40 किलो गांजा जब्त किया गया। बागबाहरा में हुडई वेरना कार से भी 40 किलो गांजा मिला, जिसमें सुमित श्रीवास्तव और महिला रीना भदौरिया को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों में गजेन्द्र कुमार, बबलू मांझी, अक्षय वाघाडे, आयुष राहंगडाले, राकेश लांजीतार और अक्षय रंगारी शामिल हैं, जिन पर पहले से एनडीपीएस के तहत मामले दर्ज हैं।
सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया और उनके खिलाफ धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क को निशाना बनाया गया।
