दिल्ली। पुणे में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। सबसे ज्यादा 8 मौतें पिंपरी चिंचवाड़ के दापोड़ी और फुगेवाड़ी क्षेत्रों में हुई हैं, जबकि पुणे के काले पाडल और हडपसर इलाके में 5 लोगों ने जान गंवाई। कई अन्य लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज अस्पतालों में जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी मृतकों ने कथित रूप से अवैध शराब का सेवन किया था। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमों ने प्रभावित इलाकों में जांच अभियान शुरू कर दिया है।
मृतकों में कई लोगों को शराब पीने के बाद चक्कर आना, उल्टी होना और मुंह से झाग निकलने जैसी शिकायतें हुई थीं। कुछ लोगों की हालत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी योगेश वानखेड़े को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार वह आदतन शराब तस्कर है और लंबे समय से अवैध शराब के कारोबार में शामिल रहा है। आरोप है कि उसने जहरीली शराब तैयार कर पुणे और पिंपरी-चिंचवड के कई इलाकों में सप्लाई की थी।
घटना के बाद प्रशासन ने अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जहरीली शराब कहां तैयार की गई और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध या अवैध शराब का सेवन न करें और ऐसी जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
