रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में लगातार सुधार के प्रयास जारी हैं। इसी कड़ी में स्कूल शिक्षा विभाग ने आज विभिन्न विषयों के 1227 व्याख्याताओं (टी संवर्ग) को पदोन्नति आदेश जारी किए हैं। इन व्याख्याताओं की पदस्थापना काउंसिलिंग के माध्यम से की जाएगी।
पदोन्नति पाने वाले व्याख्याता हिन्दी, अंग्रेजी, संस्कृत, गणित, भौतिकी, रसायन, जीवविज्ञान, राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र और वाणिज्य जैसे विषयों से संबंधित हैं। यह निर्णय राज्य सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके अंतर्गत शिक्षकों को वरिष्ठता और योग्यता के आधार पर समय पर पदोन्नति दी जा रही है।
पिछले एक वर्ष में स्कूल शिक्षा विभाग ने जिला और संभाग स्तर पर लगभग 7000 पदों पर पदोन्नति की कार्यवाही पूरी की है। इसके अतिरिक्त, 2621 सहायक शिक्षकों (विज्ञान प्रयोगशाला) की सीधी भर्ती भी काउंसिलिंग के माध्यम से की गई है, जिससे स्कूलों में प्रयोगात्मक शिक्षा को मजबूती मिल सके।
इसके पूर्व, 30 अप्रैल 2025 को लगभग 2900 प्राचार्यों के पदोन्नति आदेश जारी किए गए थे। अब जल्द ही इन प्राचार्यों की पदस्थापना भी काउंसिलिंग से की जाएगी, जिससे स्थान-आवश्यकता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। ई संवर्ग के प्राचार्यों से संबंधित मामला न्यायालय में लंबित है, जिस पर न्यायालय के निर्देशों के अनुसार समयबद्ध कार्यवाही की जाएगी।