रायपुर। स्वतंत्रता दिवस 2025 पर छत्तीसगढ़ के 11 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें रायपुर यातायात पुलिस के भुनेश्वर साहू का नाम राजधानी से एकमात्र है, जबकि दंतेवाड़ा में पदस्थ निरीक्षक संजय पोटाम को यह सम्मान तीसरी बार मिल रहा है।
वीरता पदक पाने वालों में अंजू कुमारी (डीएसपी, कबीरधाम), लालजी सिन्हा (निरीक्षक, कबीरधाम), भुनेश्वर साहू (यातायात पुलिस, रायपुर), संजय पोटाम, कमलेश मरकाम, दिनेश भास्कर, हेमला नंदू, प्यारस मिंज, मनोज पुनेम (सभी दंतेवाड़ा), चैतराम गुरुपंच (सुकमा) और शहीद बुधराम कोरसा (दंतेवाड़ा) शामिल हैं। शहीद कोरसा का सम्मान उनकी पत्नी सुखमती कोरसा को प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा, 17 अधिकारियों-कर्मियों को विशिष्ट सेवा और सराहनीय सेवा हेतु विभिन्न राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय पदक दिए जाएंगे। राष्ट्रपति का पुलिस पदक (विशिष्ट सेवा) महेश राम साहू और ज्ञानेन्द्र कुमार अवस्थी को मिलेगा। भारतीय पुलिस पदक (सराहनीय सेवा) पाने वालों में अनिल कुमार कश्यप, हरिशंकर प्रदाप सिंह, नरेश कुमार पैकरा, वली मोहम्मद शेख, समैया चिपनपल्ली, सुशील कुमार श्रीवास, तुलाराम चुरेन्द्र, हरीश चंद्र मरकाम और सुशील कुमार चौबे शामिल हैं।
राज्य स्तरीय पुरस्कारों में गुरु घासीदास पुरस्कार मिशा सिन्हा (गरियाबंद), राज्यपाल और रानी सुबरन कुंवर पुरस्कार मंजूलता राठौर (रायपुर), मुख्यमंत्री पुरस्कार रागिनी मिश्रा (धमतरी), शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार रविन्द्र कुमार अनंत (बिलासपुर) और पुलिस महानिदेशक पुरस्कार नर्मदा कोठारी (बालोद) को मिलेगा। कुल 12 जिलों के अधिकारी इस बार सम्मानित होंगे, जिनमें सर्वाधिक 8 दंतेवाड़ा से हैं। यह सम्मान राज्य के पुलिस बल के साहस, समर्पण और सेवा भावना का प्रतीक है।