रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार हर क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। वे आज पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के महतारी अलंकरण सम्मान समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने पंडरिया के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएँ कीं। उन्होंने रणवीरपुर में नई उप तहसील खोलने, बिरेंद्र नगर में कॉलेज शुरू करने, पंडरिया में 250 सीटर नालंदा परिसर, कुण्डा में कॉलेज के लिए नया भवन और पंडरिया में नगर पालिका का नया भवन बनाने की घोषणा की। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग-130 ए का 2.1 किलोमीटर हिस्सा चौड़ा कर उसे 4 लेन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल डिजिटल सुविधा केंद्र अब तक 1,460 पंचायतों में खोले गए हैं और अगले साल तक सभी पंचायतों तक पहुँचेंगे। उन्होंने बताया कि रजिस्ट्री की प्रक्रिया भी आसान और पारदर्शी की गई है। कार्यक्रम में 72 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने छात्राओं के लिए पंडरिया में 5 नि:शुल्क बस सेवाओं की शुरुआत की सराहना की और कहा कि यह बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है। अब छात्राओं को कॉलेज आने-जाने में कोई दिक्कत नहीं होगी।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इसे पंडरिया के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि अब विकास केवल शहरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गाँव-गाँव तक पहुँचेगा। सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने कहा कि नि:शुल्क बस सेवा से बेटियों को पढ़ाई और अपने सपनों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
विधायक भावना बोहरा ने बताया कि पहले 3 नि:शुल्क बसें चलाई जा रही थीं, जिन्हें बढ़ाकर अब 8 कर दिया गया है। यह सेवा पंडरिया, पांडातराई, पिपरिया, सहसपुर लोहारा और कवर्धा के कॉलेजों में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए बेहद उपयोगी होगी। उन्होंने बताया कि पिछले डेढ़ साल में पंडरिया क्षेत्र में करीब 600 करोड़ रुपये की योजनाएँ स्वीकृत हुई हैं। इस कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए।