तिरंगा फहराने पर नक्सलियों ने आदिवासी युवक की हत्या की

कांकेर. कांकेर जिले में नक्सली हिंसा का बड़ा मामला सामने आया है। दो दिन पहले नक्सलियों ने जनअदालत लगाकर आदिवासी युवक मनेश नुरुटी की हत्या कर दी थी। अब इस वारदात की असली वजह सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, मनेश ने 15 अगस्त के दिन नक्सलियों के स्मारक पर तिरंगा फहराया था और भारत माता की जय के नारे लगाए थे। इसी से नाराज होकर नक्सलियों ने उसे मौत की सजा दी।
घटना छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के बिनागुंडा गांव की है। सोमवार की रात हथियारबंद नक्सलियों ने मनेश को घर से उठाकर गांव के बीच ले जाया। यहां पहले से ग्रामीणों को मीटिंग के नाम पर बुलाया गया था। इस कथित जनअदालत में नक्सलियों ने दो अन्य युवकों की भी पिटाई की और मुखबिरी का आरोप लगाया। इसके बाद मनेश नुरुटी को बेरहमी से मार डाला गया।

नक्सलियों ने परतापुर थाना इलाके में बैनर लगाकर इस घटना की जिम्मेदारी ली। परतापुर एरिया कमेटी ने कहा कि मनेश पुलिस का मुखबिर था। साथ ही उन्होंने पखांजूर थाना प्रभारी लक्षण केंवट समेत कई पुलिस अधिकारियों पर आदिवासियों को गुप्त सैनिक बनाने का आरोप लगाया।

नक्सलियों ने कोंगे पंचायत के सरपंच रामजी धुर्वा और डीआरजी के कई जवानों को भी खुली धमकी दी है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो उन्हें भी मौत की सजा दी जाएगी। इस घटना से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।.

Exit mobile version